राष्ट्रपति की विदेश यात्राओं पर 205 करोड़ रुपये खर्च, हमेशा बोइंग 747-400 विमान का प्रयोग

Published: Sunday, Mar 25,2012, 20:30 IST
Source:
0
Share
राष्ट्रपति, विदेश यात्राओं, 205 करोड़, बोइंग 747-400, president of india, pratibha patil, RTI, IBTL

नई दिल्ली। राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल की विभिन्न विदेश यात्राओं पर करीब 205 करोड़ रुपये का खर्च आया। इस मामले में उन्होंने सभी पूर्व राष्ट्रपतियों को पीछे छोड़ दिया है।

जुलाई, 2007 में देश की प्रथम महिला राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से पाटिल 12 बार विदेश यात्रा पर जा चुकी हैं। वह चार महाद्वीपों में 22 देशों की यात्रा कर चुकी हैं। उनके कार्यकाल में अभी करीब चार महीने का समय बचा हुआ है। उनके जल्द ही दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाने की भी चर्चा है।

सूचना के अधिकार [आरटीआइ] के तहत मांगी गई जानकारियों से पता चलता है कि एयर इंडिया ने राष्ट्रपति के विदेश दौरे के लिए हमेशा बोइंग 747-400 विमान का प्रयोग किया और करीब 169 करोड़ रुपये व्यय किए। सिर्फ भूटान यात्रा के दौरान छोटे जेट विमान का प्रयोग किया गया था। उनके अधिकांश विदेश दौरे के समय उनके परिवार के सदस्य साथ रहते थे। विदेश मंत्रालय द्वारा राष्ट्रपति के आवास, स्थानीय यात्राओं, दैनिक भत्ते और मिश्रित खर्चो के लिए 36 करोड़ रुपये व्यय किए गए।

आरटीआइ आवेदन तीन साल के दौरान दाखिल किए गए थे और संबंधित अधिकारियों ने सूचना देने के प्रति गंभीर अनिच्छा दिखाई थी। एयर इंडिया ने राष्ट्रपति द्वारा प्रयोग किए गए विमान के लिए रक्षा मंत्रालय को लगभग 169 करोड़ रुपये का बिल दिया है, जिसमें से उसे करीब 153 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है। अभी करीब 16 करोड़ रुपये बकाया है।

Comments (Leave a Reply)

DigitalOcean Referral Badge